[caption id="attachment_11151" align="aligncenter" width="1200"]Swiggy Instamart Swiggy Instamart[/caption] अब तक अगर आप Swiggy Instamart से सिर्फ दूध, ब्रेड या ग्रोसरी मंगवा रहे थे, तो अब वक्त है नए अनुभव का। Swiggy Instamart ने अपने फास्ट डिलीवरी नेटवर्क को एक कदम और आगे बढ़ाते हुए लैपटॉप एक्सेसरीज़ और स्मार्टफोन जैसी हाईटेक प्रोडक्ट्स की त्वरित डिलीवरी शुरू कर दी है।

ASUS के साथ पार्टनरशिप, अब एक्सेसरीज़ मिलेंगी चुटकियों में

Swiggy Instamart ने ASUS इंडिया के साथ साझेदारी की है, जिसके तहत अब चार्जर, कीबोर्ड, माउस और हेडफोन जैसे लैपटॉप एक्सेसरीज़ को केवल 10 मिनट में ग्राहकों तक पहुंचाया जाएगा। अचानक एक्सेसरीज़ के खराब होने या ज़रूरत पड़ने पर अब आपको बाजार जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी – बस Swiggy Instamart खोलिए और सामान आपके दरवाजे पर हाज़िर। ASUS की यह रणनीति उन्हें क्विक कॉमर्स मार्केट में और मजबूत बनाएगी, जहां ग्राहक अब तकनीकी सामान के लिए भी तेजी से भरोसा कर सकेंगे।

इन शहरों में शुरू हुई 10 मिनट डिलीवरी सर्विस

फिलहाल यह नई सुविधा पुणे, गुड़गांव, चेन्नई, हैदराबाद, कोलकाता, लखनऊ और अहमदाबाद जैसे बड़े शहरों में शुरू की गई है। ASUS इस पहल के जरिए अपने प्रोडक्ट्स को यूजर्स के और करीब लाना चाहता है। 2024 कंपनी के लिए काफी अहम रहा, क्योंकि इसी साल ASUS ने भारत में प्रमुख टेक एक्सेसरीज़ ब्रांड्स के बीच अपनी एक मज़बूत जगह बना ली है।

स्मार्टफोन्स की भी हो रही है 10 मिनट में डिलीवरी

Swiggy Instamart सिर्फ एक्सेसरीज़ तक ही सीमित नहीं है। कंपनी अब स्मार्टफोन की भी क्विक डिलीवरी कर रही है। iPhone 16e, Samsung Galaxy M35, OnePlus Nord CE, Nord CE 4 Lite और Redmi 14C जैसे स्मार्टफोन्स को अब दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, चेन्नई, नोएडा, फरीदाबाद, गुरुग्राम, कोलकाता, हैदराबाद और पुणे में 10 मिनट के भीतर मंगाया जा सकता है। सिर्फ इतना ही नहीं, Motorola, Oppo, Vivo और Realme जैसे ब्रांड्स के स्मार्टफोन्स भी Swiggy Instamart पर त्वरित डिलीवरी के लिए उपलब्ध हैं।

तकनीक की दुनिया में क्विक कॉमर्स का नया चेहरा बन रहा है Swiggy Instamart

जहां पहले Swiggy Instamart को सिर्फ ग्रोसरी की क्विक डिलीवरी के लिए जाना जाता था, अब वह धीरे-धीरे टेक्नोलॉजी प्रोडक्ट्स की सुपरफास्ट डिलीवरी का भी भरोसेमंद प्लेटफॉर्म बनता जा रहा है। यह नई पहल न केवल ग्राहकों के अनुभव को बेहतर बनाएगी, बल्कि क्विक कॉमर्स सेक्टर में Swiggy Instamart की स्थिति को और भी मज़बूत करेगी। आने वाले समय में ऐसे और भी उत्पाद शामिल हो सकते हैं, जिन्हें हम 10 मिनट के भीतर अपने घर मंगवा सकेंगे।